प्रबुद्धजन सम्मेलन: गरजे सीएम – माफिया की संपत्ति पर गरीबों के लिए बनाएंगे घर

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि माफिया की संपत्ति पर गरीबों के लिए घर बनाएंगे। डबल इंजन की भाजपा सरकार में किसी गरीब, व्यापारी, बेटी और युवा के हितों के साथ खिलवाड़ संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज सरकार की जीरो टॉलरेंस वाली नीति की सख्त कार्रवाई से माफिया कराह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में 325.16 करोड़ रुपए की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण किया तथा 969.57 करोड़ रुपए की 249 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर संगमनगरी में प्रबुद्धजन सम्मेलन में गुरुवार को विभिन्न वर्गों से संवाद करते हुए प्रयागराज के विकास के लिए सभी से सुझाव भी मांगे।
प्रयागराज धर्म, शिक्षा तथा न्याय की नगरी है
प्रबुद्धजन सम्मेलन के दौरान सीएम ने प्रयागराज की पावन भूमि को नमन करते हुए कहा कि प्रयागराज धर्म, शिक्षा तथा न्याय की नगरी है। तीर्थराज प्रयाग सम्पूर्ण भारत की आस्था का प्रतिमान है। द्वादश माधव, गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम, लेटे हुए हनुमान जी इसे तीर्थों में सबसे महत्वपूर्ण बनाते हैं। विधानसभा चुनाव में प्रयागराजवासियों से मिले अपार समर्थन के प्रति आभार जताते हुए सीएम ने कहा कि उस जन विश्वास का ही परिणाम है कि आज प्रयागराज में हर गरीब को घर मिल रहा है, गरीबों के घर निःशुल्क बिजली कनेक्शन है, रसोई गैस है।
प्रयागराज कुंभ 2025 को अभूतपूर्व आयोजन बनाने के लिए मांगा सहयोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण की चर्चा करते मुख्यमंत्री ने आजादी के अमृत काल मे इन संकल्पों की पूर्ति में योगदान का आह्वान भी किया। वहीं प्रयागराज कुंभ 2025 को अभूतपूर्व आयोजन बनाने के लिए सहयोग भी मांगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब 2025 कुंभ के लिए प्रयागराज तैयार हो रहा है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत चयनित प्रयागराज में आधुनिक नगरीय सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। प्रयागराज ईज़ ऑफ लिविंग के पैमाने में शानदार हो रहा है। इस सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री द्वय और कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल नंदी सहित अनेक गणमान्य जनों ने भी अपने विचार रखे।




