उत्तर प्रदेश

Ayodhya: पत्नी अनुष्का के साथ विराट कोहली ने किए रामलला और बजरंग बली के दर्शन

Lucknow Focus News Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ अयोध्या का दौरा किया। इस दौरान दोनों ने रामलला और बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस यात्रा के दौरान, दंपति ने मीडिया से दूरी बनाए रखी, जबकि उनके प्रशंसक अपने पसंदीदा क्रिकेटर के साथ एक सेल्फी लेने को बेताब दिखे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने वाले क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ रविवार सुबह करीब नौ बजे अयोध्या पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। राम मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर में इस दंपति का स्वागत किया और रामलला का विशेष प्रसाद भेंट किया। विराट और अनुष्का ने लगभग पांच मिनट तक मंदिर प्रांगण में खड़े होकर रामजन्मभूमि परिसर का अवलोकन किया और कर्मियों से मंदिर से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। उनके साथ मौजूद मजिस्ट्रेट और सुरक्षा कर्मियों ने भी उनकी जिज्ञासा शांत की। बाद में दोनों ने मंदिर की भव्यता की प्रशंसा की।

रामलला के दर्शन के बाद, कोहली और अनुष्का कड़ी सुरक्षा के बीच हनुमानगढ़ी पहुंचे और बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। इसके बाद, कोहली ने हनुमानगढ़ी से जुड़े कुछ साधु-संतों से भी मुलाकात की। यह दौरा उनकी आध्यात्मिक आस्था को दर्शाता है और एक बार फिर उन्हें प्रशंसकों के बीच सुर्खियों में ले आया है।

Related Articles

Back to top button