मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी में निःशुल्क डेंटल कैंप: 150 मरीजों की जांच, दवाएं और टूथपेस्ट बांटे गए

Lucknow Focus News Desk: मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी परिसर में पी.आर. क्लिनिक के सौजन्य से एक दिवसीय निःशुल्क डेंटल मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। कैंप में डॉ. गौतम के नेतृत्व में डॉक्टरों की 5 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने लगभग 150 मरीजों के दांतों एवं मुंह से जुड़ी समस्याओं की जांच की।
मुफ्त जांच, एक्स-रे और दवाओं का वितरण
शिविर के दौरान आए मरीजों की चिकित्सकीय जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार एक्स-रे किए गए, मुफ्त दवाइयां और टूथपेस्ट वितरित किए गए। डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को दांतों की देखभाल, सही खान-पान और नियमित डेंटल चेकअप कराने की सलाह दी।
मौलाना आज़ाद के आदर्शों से प्रेरणा
कैंप का उद्घाटन करते हुए अकादमी के जनरल सेक्रेटरी डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने कहा कि मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी विगत 50 वर्षों से शिक्षा, साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में प्रयासरत है। देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के विचार अकादमी के प्रेरणास्रोत हैं। दिल्ली का विश्व प्रसिद्ध ‘मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज’ भी उनके दूरदर्शी विजन का ही परिणाम है।
स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
डॉ. हाशमी ने चेताया कि बच्चों में चॉकलेट और मीठे पेय पदार्थों के अधिक सेवन से कैविटी और दांतों में दर्द की समस्या बढ़ रही है। वहीं बड़ों में तंबाकू, गुटखा और पान मसाला का सेवन मुंह के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह कैंप केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का एक प्रयास है।




