मेरठ में बड़ा हादसा टला: 48 बच्चों से भरी सेंट मेरी स्कूल की बस पलटी, बाल-बाल बचे मासूम

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते रह गया। दौराला-लावड़ रोड पर सेंट मेरी स्कूल, खेड़ी की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 48 स्कूली बच्चे सवार थे। गनीमत यह रही कि पलटते समय बस पास में खड़े एक मजबूत पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बस पूरी तरह पलटने से बच गई और एक बड़ा अनिष्ट होने से टल गया।
चीख-पुकार और स्थानीय लोगों की मदद
बस के पलटते ही मौके पर कोहराम मच गया। मासूम बच्चों की चीखें सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे और गेट के जरिए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।
पेड़ ने बचाई मासूमों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार अधिक थी और वह अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे की ओर झुक गई। अगर वहां पेड़ न होता, तो बस पूरी तरह पलट सकती थी, जिससे गंभीर चोटें आने का खतरा था। हादसे में कई बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों में मची अफरा-तफरी
हादसे की खबर मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया और वे बदहवास होकर अस्पताल की ओर दौड़े। पुलिस और स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को ढांढस बंधाया। जो बच्चे पूरी तरह स्वस्थ थे, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
मेरठ पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। बस के फिटनेस सर्टिफिकेट और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की कोताही से।




