जी-20 शिखर सम्मेलनः फरवरी में ताज का दीदार करने आएंगे प्रतिनिधि, डीएम ने बैठक कर अधिकारियों को दिए निर्देश

भारत एक दिसंबर से अगले वर्ष 30 नवंबर तक करेगा अध्यक्षता, कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक आगरा में होगी
आगरा। फरवरी-2023 के पहले सप्ताह में जी-20 के प्रतिनिधि ताजमहल, किला और फतेहपुर सीकरी का दीदार करने ताजनगरी आएंगे। इसको लेकर बुधवार को डीएम नवनीत सिंह चहल ने बैठक कर नगर निगम, एएसआइ, एडीए, बिजली विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश
कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम नवनीत सिंह चहल ने नगर निगम के अधिकारियों से संबंधित रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए कहा। संबंधित रूट पर मशीनों से सफाई कराई जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण आगरा व मथुरा खंड को हाईवे पर संरक्षा के इंतजाम करने और अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया। लोक निर्माण और एडीए अफसरों से संबंधित रोड की मरम्मत या फिर उनके निर्माण का कार्य सौंपा गया। बिजली विभाग से तारों को ठीक करने पर जोर दिया गया।
देश में होंगी अंतरराष्ट्रीय संगठनों की करीब 200 बैठकें
उल्लेखनीय है कि भारत एक दिसंबर से अगले वर्ष 30 नवंबर तक जी-20 की अध्यक्षता करेगा, तथा शिखर सम्मेलन 9 व 10 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होगा। एक वर्ष की अवधि के दौरान जी-20 के प्रतिनिधियों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठनों की करीब 200 बैठकें देश में होंगी। कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक आगरा में होगी। जी-20 के सदस्यों की आगरा विजिट छह व सात फरवरी को प्रस्तावित है। इस दौरान सदस्य ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत अन्य स्मारकों को निहारेंगे। इसके लिए एएसआइ के दिल्ली मुख्यालय के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
जी-20 में शामिल हैं ये देश
जी-20 विकसित और विकासशील देशों का समूह है। इसमें अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट आफ अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं।




