इन्फोटेनमेन्ट

अक्षय कुमार के काफिले की कार से हादसा, उड़कर रिक्शे पर गिरी इनोवा, एक गंभीर रूप से घायल

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले से जुड़ी एक गा़ड़ी के साथ सोमवार रात मुंबई के जुहू इलाके में एक भीषण हादसा हो गया। इस हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन ली हैं। हादसे में एक ऑटो-रिक्शा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है।

“सब कुछ आंखों के सामने तबाह हो गया”

घायल रिक्शा चालक के भाई, मोहम्मद समीर ने रोते हुए इस भयानक मंजर को बयां किया। उन्होंने बताया “हादसा सोमवार रात करीब 8:30 बजे का है। मेरा भाई रिक्शा चला रहा था। उसके पीछे अक्षय कुमार की इनोवा और एक मर्सिडीज कार आ रही थी। अचानक पीछे वाली मर्सिडीज ने इनोवा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में उछलते हुए सीधे मेरे भाई के रिक्शे पर जा गिरी।”

समीर के मुताबिक, रिक्शा पूरी तरह टूट चुका है और उनका भाई एक यात्री के साथ गाड़ियों के नीचे दब गया था। फिलहाल अस्पताल में उसकी हालत बहुत नाजुक बनी हुई है।

पीड़ित परिवार की बस एक ही गुहार

एक तरफ जहां अक्षय कुमार अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाकर विदेश से लौट रहे थे, वहीं दूसरी तरफ यह परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है। समीर का कहना है “हमें किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, बस मेरे भाई को सही इलाज मिल जाए।” “हमारी रोजी-रोटी का जरिया (रिक्शा) खत्म हो गया है, उसके नुकसान की भरपाई कर दी जाए।”

पुलिस की कार्रवाई और हादसे की वजह

जुहू पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मर्सिडीज चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार मर्सिडीज ने संतुलन खो दिया था, जिसकी वजह से अक्षय कुमार के काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन (इनोवा) दुर्घटनाग्रस्त होकर रिक्शे पर जा गिरा।

छुट्टियां मनाकर लौट रहे थे अक्षय

यह हादसा तब हुआ जब अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना अपनी एनिवर्सरी की छुट्टियां मनाकर एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। अभी हाल ही में ट्विंकल ने सोशल मीडिया पर शादी के 25 साल पूरे होने पर पैराग्लाइडिंग का एक वीडियो शेयर कर खुशी जताई थी, लेकिन घर वापसी के समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने माहौल को गमगीन कर दिया है।

Related Articles

Back to top button