उत्तर प्रदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने करणी सेना पर साधा निशाना, बोले- ‘यह योगी सेना है’

राणा सांगा पर राज्यसभा में दिए गए बयान के बाद शुरू हुए सियासी घमासान के बीच शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ योगी सरकार और करणी सेना पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि “यह करणी सेना नहीं, यह योगी सेना है, जिसके लिए सरकार से फंडिंग हो रही है। मुख्यमंत्री के स्वजातीय लोग तलवारें लहरा रहे हैं, उनका उद्देश्य पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों को डराना है। यह वही तरीका है, जिसे हिटलर ने अपनी सेना के जरिए लोगों की आवाज दबाने के लिए अपनाया था।”

उन्होंने यह भी कहा कि “मैंने जब सांसद सुमन से मिलने का फैसला लिया, तो पहले ही साफ कर दिया था कि इस दौरान कोई प्रदर्शन नहीं होगा और कोई ताकत नहीं दिखाई जाएगी। मैं सिर्फ अपनी पार्टी के एक नेता के घर जा रहा था।”

अखिलेश यादव ने सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर करणी सेना द्वारा किए गए हमले की निंदा करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों का उद्देश्य सांसद सुमन को डराना और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) को आतंकित करना था।

इस हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आगरा में सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हरीपर्वत चौराहे से स्पीड कलर लैब तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और किसी भी तरह के उपद्रव से निपटने के लिए रणनीति तैयार की गई है। सपा कार्यकर्ताओं के हंगामे की आशंका को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है, और पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।

Also Read: झारखंड में पहली बार एयर शो: रांची के आसमान में गरजेंगे वायुसेना के फाइटर जेट्स, युवाओं को मिलेगा साहस का अनुभव

Related Articles

Back to top button