लखनऊ

लखनऊ स्पेक्ट्रम आर्ट फेयर 2025 का भव्य समापन, 111 कलाकारों का ‘रंग-संवाद का महाकुंभ’

Lucknow Focus News Desk: फ्लोरेसेंस आर्ट गैलरी द्वारा फीनिक्स पलासियो में 1 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित लखनऊ स्पेक्ट्रम आर्ट फेयर 2025 का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 24-दिवसीय इस वृहद कला-उत्सव ने शहर की सांस्कृतिक भूमि पर एक सशक्त और दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ा। इस वर्ष फेयर में लगभग 20,000 दर्शकों ने अवलोकन किया, जिसने इसे लखनऊ का एक महत्वपूर्ण कला-विमर्श केंद्र बना दिया।

राष्ट्रीय स्तर पर 111 कलाकारों का अद्वितीय संगम

लखनऊ स्पेक्ट्रम आर्ट फेयर 2025 की सबसे बड़ी उपलब्धि देश भर के 111 कलाकारों की विविध कलाभाषाओं का अद्वितीय संगम रहा। प्रदर्शनी में समकालीन कला के साथ-साथ लोक, पारंपरिक और जनजातीय कलाओं की सशक्त उपस्थिति रही।

गोंड, मधुबनी, पटचित्र, मिनीएचर, नैरेटिव्स और अन्य आदिवासी शैलियों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय कला-विरासत की व्यापकता और गहराई से परिचित कराया। चित्रों, फोटोग्राफ्स, मिक्स्ड-मीडिया, डिजिटल आर्ट और शिल्पकृतियों ने आगंतुकों को एक बहुआयामी और गहन कलात्मक अनुभव प्रदान किया। क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना और राजेश कुमार ने बताया कि “मानवीय सीमाएँ” थीम के अंतर्गत चयनित कृतियों ने यथार्थ, कल्पना और तकनीक के बीच गहन संवाद खड़ा किया।

क्यूरेशन के विशेष आकर्षण

क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना ने स्पेक्ट्रम 2025 को दर्शकों की “विस्मित दृष्टि” (Astonished Eyes) को कला का केन्द्र बनाने वाला प्रयोग बताया। “पल्स ऑफ द एब्सेंट सिटी” इंस्टॉलेशन संवाद का धड़कता केंद्र रहा, जिसने वीरान महानगरों के मौन को दर्शकों के भीतर प्रतिध्वनित किया। “न्यू वॉयसेज़ पैविलियन” ने युवा कलाकारों को अपारंपरिक सामग्रियों और ताज़ा विचारों को प्रस्तुत करने का मंच दिया। Urban Sketchers Community Sketch Session में बड़ी संख्या में कलाकारों और विद्यार्थियों ने फीनिक्स पलासियो के परिवेश को लाइव स्केच करते हुए फेयर को संवादात्मक बनाया।

आभार और भविष्य का संकल्प

फ्लोरेसेंस आर्ट गैलरी की संस्थापक एवं निदेशक नेहा सिंह ने फेयर की सफलता के लिए देश भर से आए 111 कलाकारों, लखनऊ के कला-प्रेमियों, पलासियो प्रबंधन और मीडिया साझेदारों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

उन्होंने आश्वासन दिया कि लखनऊ स्पेक्ट्रम आर्ट फेयर 2025 केवल एक सफल आयोजन नहीं, बल्कि शहर की रचनात्मक धारा में एक नई प्रेरणा का संचार करने वाला अध्याय रहा है, और गैलरी कला को समाज तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

Related Articles

Back to top button