उत्तर प्रदेश में सिमट रहा फाइलेरिया संक्रमण, रामपुर के बाद 4 और जिले मुक्त होने की कगार पर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया (हाथीपांव) का संक्रमण अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। कभी प्रदेश के 51 जिलों के 782 ब्लॉकों तक फैली इस बीमारी का दायरा अब काफी घट गया है। रामपुर के फाइलेरिया मुक्त होने के बाद अब वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और महोबा भी फाइलेरिया मुक्त होने की कगार पर हैं। राज्य में इस लाइलाज बीमारी के उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।
यह जानकारी राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने मंगलवार को स्थानीय होटल में ‘सेंटर फार एडवोकेसी एंड रिसर्च’ (सीफार) के सहयोग से आयोजित राज्यस्तरीय मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला के दौरान दी।
सिमटता दायरा और 19 नवंबर से नया एमडीए अभियान
डॉ. चौधरी ने बताया कि 19 नवंबर से शुरू होने जा रहे सर्वजन दवा सेवन (MDA) अभियान के तहत यदि 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने में सफलता मिलती है, तो संक्रमण का दायरा और अधिक घट जाएगा। इस बार के एमडीए अभियान की विशेषताएं इस प्रकार हैं।
इस बार केवल 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में ही फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जाएंगी, जो संक्रमण के स्तर में भारी गिरावट को दर्शाता है। प्रदेश के 412 ब्लॉक ‘नान एंडमिक’ हो चुके हैं।
अभियान के तहत 6,500 गांवों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 2,680 टीमें और 8,730 आशा कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। साथ ही, 859 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी दवाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर अपने सामने लोगों को दवा खिलाएंगी।
इस बार कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर और कौशांबी के 53 ब्लॉक चुने गए हैं (सबसे ज्यादा फतेहपुर में 11, सीतापुर में 10 और कानपुर देहात में 7 ब्लॉक शामिल हैं)। अभियान के तहत 1.91 लाख से अधिक कभी दवा न खाने वाले, 5.38 लाख प्रवासी और 3.31 लाख दवा लेने से इनकार करने वाले (Denial) लोगों की विशेष सूची तैयार की गई है।
सामुदायिक सहभागिता और अन्य विभागों का सहयोग
इससे पहले कार्यक्रम की निदेशक डॉ. रेखा रानी ने जोर देकर कहा कि फाइलेरिया का उन्मूलन अकेले स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए शिक्षा, पंचायती राज, यूपीएसआरएलएम और विभिन्न सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। कार्यशाला के दौरान रोगी हितधारक मंच (PSP) के सदस्यों रामबाबू (उन्नाव), ररिता देवी (सीतापुर) और बसंत लाल गुप्ता (कानपुर) ने अपने संघर्ष और समुदाय से मिलने वाले सहयोग के अनुभव साझा किए।
कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उपमहाप्रबंधक डॉ. अताउर रहमान, संयुक्त निदेशक वीबीडी डॉ. पंकज सक्सेना, गेट्स फाउंडेशन के डॉ. मानिक रेलन सहित डब्ल्यूएचओ, पीसीआई, पाथ और सीफार के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




