समुद्री रणक्षेत्र से सुरक्षित निकला भारत का ‘ग्रीन आशा’, होर्मुज की बाधा पार कर वतन की ओर बढ़ा एलपीजी जहाज

Lucknow Focus News Desk: ईरान और खाड़ी देशों के बीच जारी युद्ध के तनाव के बीच भारतीय ऊर्जा सुरक्षा के लिए सुखद खबर आई है। भारतीय नौसेना की कड़ी निगरानी में भारत का एक और एलपीजी (LPG) जहाज ‘ग्रीन आशा’ सामरिक रूप से बेहद खतरनाक और संवेदनशील स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सफलतापूर्वक पार कर चुका है। अब इस क्षेत्र में फंसे जहाजों में केवल ‘जग विक्रम’ की वापसी का इंतजार शेष है।
नौसेना का सुरक्षा कवच और राजनयिक सफलता
28 फरवरी को ईरान पर हुए हमलों के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। कई जहाजों पर हमले भी हुए, लेकिन भारत की सक्रिय विदेश नीति और नौसेना की मौजूदगी ने भारतीय झंडे वाले जहाजों का रास्ता साफ किया।
रविवार को इस जहाज ने होर्मुज को पार किया। इससे पहले 3 अप्रैल को ‘ग्रीन सान्वी’ सुरक्षित निकला था, जो 46,655 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कल (7 अप्रैल) गुजरात के भरूच (दहेज) पहुंचेगा। अब केवल एलपीजी जहाज ‘जग विक्रम’ इस इलाके में बचा है, जो नौसेना के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा है।
ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित: भारत पहुंचे अन्य जहाज
पिछले एक हफ्ते में भारतीय बेड़े ने अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं।
जग वसंत: 47,612 मीट्रिक टन एलपीजी के साथ कांडला (गुजरात) पहुंचा।
पाइन गैस: 45,000 मीट्रिक टन गैस लेकर न्यू मैंगलोर पहुंचा।
BW TYR: मुंबई के बाहरी बंदरगाह पर ‘शिप-टू-शिप’ ट्रांसफर के जरिए माल उतार रहा है।
आंकड़ों में स्थिति: खाड़ी में फंसे भारतीय नाविक
शिपिंग मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में अभी भी बड़ी संख्या में भारतीय बेड़े और नाविक मौजूद हैं। फिलहाल 16 भारतीय जहाज फारसी खाड़ी में और 4 ओमान की खाड़ी में तैनात हैं। इनमें से 5 जहाज शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SCI) के हैं। खाड़ी क्षेत्र में लगभग 20,000 भारतीय नाविक मौजूद हैं। राहत की बात यह है कि 5 अप्रैल तक विभिन्न शिपिंग कंपनियों ने 1,479 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया है।
भारतीय नौसेना और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग लगातार इन जहाजों और नाविकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि ऊर्जा संकट और जनहानि से बचा जा सके।
Also Read: 22 करोड़ से चमकी भारतेंदु नाट्य अकादमी: सीएम योगी ने किया लोकार्पण,15 कलाकारों का बढ़ा सम्मान