‘बंगाल में हुआ नया सूर्योदय, भयमुक्त और विकासयुक्त होगा भविष्य’, ऐतिहासिक विजय के बाद बोले PM मोदी

Lucknow Focus News Desk: पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में उत्सव का माहौल रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका जोरदार स्वागत किया। हजारों कार्यकर्ताओं के बीच पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि यह जीत ‘गंगोत्री से लेकर गंगा सागर’ तक कमल खिलने का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा, “आज उनकी आत्मा को कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने समृद्ध बंगाल का जो सपना देखा था, उसे पूरा करने का अवसर अब भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला है। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। अब बंगाल भयमुक्त और विकास के भरोसे से युक्त होगा।”
बंगाल के लिए PM मोदी की बड़ी घोषणाएं
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता को भरोसा दिलाते हुए भविष्य का रोडमैप साझा किया। सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में ‘आयुष्मान भारत योजना’ को हरी झंडी दिखाई जाएगी। घुसपैठियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और राज्य से पलायन रुकेगा।
“93% वोटिंग लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की जीत”
बंगाल में हुए भारी मतदान (93%) का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं की साख की भी जीत है। उन्होंने केरल और बंगाल में शहीद हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को यह जीत समर्पित की।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘अर्बन नक्सलियों’ का गिरोह बनती जा रही है। उन्होंने नारी शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा, “कांग्रेस और उसके साथियों ने नारी वंदन शक्ति अधिनियम को संसद में रोका था, आज बहनों-बेटियों ने उन्हें सजा दी है। टीएमसी, कांग्रेस और डीएमके को जनता ने ठुकरा दिया है।”
अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी को घेरा
पीएम मोदी से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जनता ने 4 जून 2024 की कसक को पूरा कर दिया है। उन्होंने इन नतीजों को राहुल गांधी की नाकामी बताते हुए कहा कि अब ‘इंडी’ गठबंधन ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा की सरकार है। इसका कारण केवल एक है ‘नागरिक देवो भव:’ का हमारा मंत्र। जहां भाजपा है, वहां गुड गवर्नेंस और विकास सुनिश्चित है।