जेवर एयरपोर्ट: बारिश का ‘अलर्ट’ बनाम 12 लाख वर्ग फीट का ‘वॉटरप्रूफ’ किला, तैयारी बेमिसाल

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के सपनों के प्रोजेक्ट ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ (जेवर) के भव्य उद्घाटन का ऐतिहासिक पल आ गया है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने 31 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर और नोएडा क्षेत्र में बारिश और खराब मौसम का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, लेकिन योगी सरकार और जिला प्रशासन की तैयारियों के आगे इंद्रदेव की चुनौती भी बौनी नजर आ रही है। 28 मार्च को होने वाले इस विशाल समारोह के लिए जेवर को एक अभेद्य ‘वॉटरप्रूफ’ किले में तब्दील कर दिया गया है।
12 लाख स्क्वायर फीट में फैला ‘आधुनिक’ पंडाल
बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना पेश किया है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 12 लाख स्क्वायर फीट क्षेत्र में अत्याधुनिक वॉटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। इस पंडाल में एक साथ 2 लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। टेंट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि तेज हवा और मूसलाधार बारिश का असर अंदर बैठे लोगों पर नहीं होगा। वीआईपी, मीडिया और आम जनता के लिए अलग-अलग सुरक्षित सेक्टर बनाए गए हैं।
जलभराव से निपटने का ‘ब्लू प्रिंट’
जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशन में हर विभाग ‘अलर्ट मोड’ पर है। कार्यक्रम स्थल पर पानी जमा न हो, इसके लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम और पंपिंग सेट तैनात किए गए हैं। आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीमें बैकअप प्लान के साथ मौके पर मुस्तैद हैं। बारिश के दौरान सड़क पर जाम न लगे, इसके लिए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है।
हाई सिक्योरिटी जोन में जेवर
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीवीआईपी की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। डिजिटल निगरानी के साथ-साथ ड्रोन के जरिए भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन का दावा है कि मौसम कैसा भी रहे, जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन निर्धारित समय पर पूरी भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न होगा। आज पूरी दुनिया की नजरें उत्तर प्रदेश के इस ‘ग्लोबल गेटवे’ पर टिकी हैं।




