हेल्थ एंड वेलनेस

Health Tips: डायबिटीज और इंफेक्शन में रामबाण है करेला, लेकिन सेवन से पहले जान लें ये जरूरी सावधानियां

Lucknow Focus News Desk: भारतीय खान-पान को हमेशा से सेहत की कुंजी माना गया है। यहां भोजन सिर्फ पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि शरीर और मन को संतुलित रखने का जरिया रहा है। आयुर्वेद और आधुनिक मेडिकल साइंस दोनों इस बात की पुष्टि करते हैं कि सही आहार अपनाकर डायबिटीज, मोटापा, हृदय रोग और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

भारतीय थाली में शामिल सब्जियों में करेला एक ऐसी सब्जी है, जिसे स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। स्वाद में भले ही कड़वा हो, लेकिन इसके फायदे किसी औषधि से कम नहीं हैं।

डायबिटीज कंट्रोल में असरदार

करेला का उपयोग वर्षों से ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए किया जाता रहा है। इसमें मौजूद चरेंटिन, वाइसिन और पॉलीपेप्टाइड-पी जैसे तत्व शरीर में इंसुलिन जैसा प्रभाव डालते हैं। कई शोध बताते हैं कि नियमित रूप से करेला खाने से फास्टिंग और पोस्ट-प्रांडियल शुगर दोनों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है, खासतौर पर टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए।

इम्युनिटी बढ़ाने में भी मददगार

करेला सिर्फ शुगर ही नहीं, बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करता है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन-C, विटामिन-A और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो संक्रमण से बचाव में सहायक हैं। इसके एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण त्वचा संक्रमण, फंगल इंफेक्शन और मौसमी बीमारियों के खतरे को कम करते हैं।

पाचन, वजन और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद

करेला डाइटरी फाइबर से भरपूर होता है, जिससे कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। कम कैलोरी और ज्यादा फाइबर होने के कारण यह वजन घटाने में भी मदद करता है।

इसके अलावा करेला बैड कोलेस्ट्रॉल को कम और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में सहायक माना जाता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा घटता है।

करेले के साथ इन चीजों से बनाएं दूरी

आयुर्वेद विशेषज्ञ के अनुसार, करेला फायदेमंद जरूर है, लेकिन कुछ खाद्य पदार्थों के साथ इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है। करेला खाने के बाद दूध न पिएं, इससे गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी हो सकती है। करेला और पालक एक साथ खाने से शरीर में ऑक्सलेट बढ़ सकता है, जिससे किडनी स्टोन का खतरा रहता है। कड़वाहट कम करने के लिए करेला के साथ दही खाने से त्वचा पर रैशेज और खुजली हो सकती है। करेला और आम का सेवन एक साथ करने से उल्टी, मतली और जलन की समस्या हो सकती है।

अगर संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के साथ सही तरीके से करेला को डाइट में शामिल किया जाए, तो यह डायबिटीज कंट्रोल, इम्युनिटी बढ़ाने, वजन घटाने और दिल की सेहत के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकता है।

अस्वीकरण: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी बीमारी या डाइट में बदलाव से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

Related Articles

Back to top button