‘द बीटल्स’ बायोपिक की शूटिंग शुरू: एबे रोड पर नजर आए पॉल मेस्कल और जोसेफ क्विन, सैम मेंडेस बना रहे हैं 4 फिल्में

Lucknow Focus News Desk: दुनिया के सबसे लोकप्रिय रॉक बैंड में से एक ‘द बीटल्स’ (The Beatles) पर बन रही बहुप्रतीक्षित बायोपिक प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंदन के मशहूर एबे रोड (Abbey Road) पर फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है, जहाँ मुख्य कलाकारों को बैंड के आइकॉनिक एल्बम कवर को रीक्रिएट करते हुए देखा गया।
सैम मेंडेस का चार-फिल्मों वाला सिनेमाई विजन
ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस इस भव्य प्रोजेक्ट का निर्देशन कर रहे हैं, जिसका नाम ‘द बीटल्स- ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ (The Beatles – A Four-Film Cinematic Event) रखा गया है। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि बीटल्स की पूरी कहानी को एक नहीं, बल्कि चार अलग-अलग फिल्मों के जरिए बड़े पर्दे पर लाया जाएगा। हर एक फिल्म बैंड के एक सदस्य के नजरिए से लिखी और दिखाई जाएगी।
कलाकार और उनकी भूमिकाएं
पॉल मेस्कल: पॉल मेकार्टनी (Paul McCartney)
जोसेफ क्विन: जॉर्ज हैरिसन (George Harrison)
बैरी कोगन: रिंगो स्टार (Ringo Starr)
हैरिस डिकिंसन: जॉन लेनन (John Lennon)
इसके अलावा फिल्म में कई अन्य अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिनमें साओर्से रोनन (लिंडा मैककार्टनी), जेम्स नॉर्टन (ब्रायन एपस्टीन), अन्ना सवाई (योको ओनो) और एमी लू वुड (पैटी बॉयड) शामिल हैं।
अप्रैल 2028 में रिलीज की योजना
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन चारों फिल्मों को अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है। हालाँकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि चारों फिल्में एक साथ रिलीज होंगी या फिर हर हफ्ते एक-एक करके दिखाई जाएंगी।




