उत्तर प्रदेश

तेज आंधी और बिजली गिरने से यूपी में तीन की मौत, 4 मई तक लू से राहत; कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, हल्की बारिश व बिजली गिरने की घटनाओं ने कहर बरपा दिया। अमेठी, बलरामपुर, अयोध्या, रायबरेली, सुल्तानपुर और गोंडा समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। आंधी की चपेट में आकर पेड़ गिरने और बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार को प्रदेश के 16 जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं तराई के 12 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 4 मई तक प्रदेश में लू के थपेड़ों से राहत की संभावना जताई जा रही है।

अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में बिजली गिरने से 15 वर्षीय किशोरी वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई। फतेहपुर में शनिवार रात तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से तीन किसान दब गए, जिनमें से सुधीर यादव की जान चली गई। अमौली क्षेत्र में बिजली गिरने की चपेट में आने से गुलाब नामक व्यक्ति की भी मौत हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी और अलर्ट

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और निचले क्षोभ मंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण हैं। इनसे पूर्वी और पश्चिमी हवाओं की टकराहट हो रही है, जिससे प्रदेश भर में मौसम अस्थिर बना हुआ है। 1 से 4 मई के बीच पूरे प्रदेश में आंधी-पानी के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

यहां जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट (ओलावृष्टि की संभावना)

सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर

यहां वज्रपात और गरज-चमक की चेतावनी

वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, भदोही, मऊ, देवरिया, गाजीपुर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, बलिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, सोनभद्र, चंदौली

लखनऊ समेत कई जिलों में मिली गर्मी से राहत

राजधानी लखनऊ में रविवार को तेज पुरवा हवाओं और बादलों के कारण तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।बादलों की आवाजाही और हवाओं के चलते दिनभर गर्मी से राहत रही, हालांकि दोपहर बाद उमस भी महसूस की गई।

उत्तर प्रदेश में मौसम का यह बदलाव फिलहाल लोगों को लू से राहत दे रहा है, लेकिन आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की वजह से जनहानि की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अलर्ट को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Related Articles

Back to top button