पैर में सूजन और दर्द हो तो हो जाएं सावधान! कहीं बढ़ तो नहीं गया यूरिक एसिड?

Lucknow Focus News Desk: क्या आपको बिना किसी चोट के पैरों में सूजन, जलन या जोड़ों में दर्द महसूस हो रहा है? अगर हाँ, तो इसे हल्के में न लें! यह आपके शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने का संकेत हो सकता है, जिसे नजरअंदाज करना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। आइए जानते हैं कि यह क्या है और इसे कैसे नियंत्रित किया जा सकता है।
क्या है यूरिक एसिड?
यूरिक एसिड हमारे शरीर में बनने वाला एक तरह का वेस्ट प्रोडक्ट है। यह तब बनता है, जब हम प्यूरिन नाम के तत्व से भरपूर चीजें खाते हैं, जैसे कि रेड मीट, समुद्री खाना (सी-फूड) और दालें। आमतौर पर, किडनी इस वेस्ट को पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन, जब शरीर में यह वेस्ट ज्यादा बनने लगता है या किडनी इसे ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती, तो यूरिक एसिड खून में जमा होने लगता है।
जब यह बढ़ जाता है, तो यह छोटे-छोटे क्रिस्टल के रूप में हमारे जोड़ों में जमना शुरू हो जाता है। इसी से सूजन, जलन और तेज दर्द होता है। डॉक्टरों की भाषा में इसे गाउट कहते हैं।
यूरिक एसिड बढ़ने के क्या कारण हैं?
- ज्यादा प्रोटीन वाला खाना खाना।
- शराब का अधिक सेवन।
- ज्यादा वजन होना।
- डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर।
- किडनी की समस्या।
- शारीरिक गतिविधि की कमी।
- महिलाओं में मेनोपॉज के बाद इसका खतरा बढ़ जाता है।
मैक्स अस्पताल में ऑर्थोपेडिक विभाग के डॉक्टर बताते हैं कि यूरिक एसिड के क्रिस्टल सबसे पहले पैरों के अंगूठे के जोड़ में जमा होते हैं, लेकिन समय के साथ ये घुटनों और उंगलियों में भी फैल सकते हैं, जिससे अकड़न और चलने में परेशानी होती है। यह किडनी में पथरी और दिल की बीमारियों का कारण भी बन सकता है।
कैसे करें यूरिक एसिड को कंट्रोल?
- अगर आपको लगता है कि आपका यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है, तो इन बातों का ध्यान रखें:
- खूब पानी पिएं: इससे यूरिक एसिड शरीर से बाहर निकल जाता है।
- प्यूरिन वाली चीजों से बचें: रेड मीट, दालें और सी-फूड कम खाएं।
- वजन नियंत्रित रखें: रोजाना एक्सरसाइज करें।
- हेल्दी खाना खाएं: अपनी डाइट में कम फैट और ज्यादा फाइबर वाली चीजें शामिल करें।
- अल्कोहल से दूर रहें: शराब और मीठे ड्रिंक्स पीने से बचें।
- डॉक्टर से मिलें: समय-समय पर ब्लड टेस्ट कराएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से दवा लें।
Also Read: कहीं आपको माइग्रेन तो नहीं? पहचानें लक्षण और जानें इससे बचने के उपाय




