UP Budget 2026: आगरा को बड़ी सौगात, एसएन मेडिकल कॉलेज में बनेगा 250 बेड का एडवांस बाल रोग अस्पताल

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश बजट 2026 में योगी सरकार ने आगरा को बड़ी सौगात दी है। एसएन मेडिकल कॉलेज में बच्चों के लिए 250 बेड का अत्याधुनिक बाल रोग अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) आधारित लैब और रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए बजट में 130 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
यह 10 मंजिला आधुनिक भवन होगा, जिसमें पांच अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे। यहां हृदय में छेद, फेफड़ों, पेट, अविकसित जननांगों और न्यूरोसर्जरी जैसी जटिल सर्जरी रोबोटिक तकनीक से की जा सकेगी। अस्पताल में भविष्य की बीमारियों की पहचान के लिए AI आधारित जांच प्रणाली भी स्थापित की जाएगी। भवन का निर्माण गेस्ट हाउस के सामने प्रस्तावित है।
मिनी एम्स की दिशा में कदम
इस परियोजना से एसएन मेडिकल कॉलेज को मिनी एम्स के रूप में विकसित करने की राह आसान होगी। बाल अस्पताल, हॉस्टल और आवासीय फ्लैट के निर्माण के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मशीनों और उपकरणों के लिए अलग बजट
विभिन्न विभागों मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग आदि के लिए 5.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मशीनें और उपकरण खरीदे जाएंगे।
डॉक्टरों और छात्रों के लिए आवासीय सुविधा
बजट के तहत डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे। टाइप-2 और टाइप-5 श्रेणी के कुल 104 फ्लैट निर्मित होंगे। इसके अलावा नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए 220 कमरों का हॉस्टल बनाया जाएगा, जिसमें 440 छात्र-छात्राएं रह सकेंगे।
मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा
एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में 1000 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। इसमें 400 चार पहिया और 600 दोपहिया वाहनों के लिए स्थान होगा, साथ ही भूमिगत पार्किंग की भी व्यवस्था होगी।
डीपीआर तैयार
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, इंटीग्रेटेड प्लान के तहत बाल रोग विभाग, हॉस्टल और फ्लैट के लिए बजट स्वीकृत हुआ है और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज के विकास से आगरा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।




