उत्तर प्रदेश

रायबरेली: तिलक समारोह में ‘जहरीला’ हुआ निवाला, खाना खाने से 40 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार

Lucknow Focus News Desk: रायबरेली जनपद के शिवगढ़ क्षेत्र में एक तिलक समारोह की खुशियां उस वक्त हड़कंप में बदल गईं, जब प्रीतिभोज का खाना खाने से करीब 40 लोग बीमार हो गए। फूड पॉइजनिंग के चलते आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

आधी रात को बिगड़ी तबीयत

मामला शिवगढ़ कस्बा निवासी राजन गुप्ता के घर का है। बुधवार को उनके बेटे सुशील गुप्ता का तिलक समारोह बछरावां स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल मेहमानों ने रात्रि भोज किया, लेकिन आधी रात करीब 12:30 बजे अचानक लोगों को उल्टियां और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। एक साथ इतने लोगों की तबीयत बिगड़ते देख समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट

बीमार लोगों को तुरंत सीएचसी शिवगढ़ पहुँचाया गया। अस्पताल में तैनात डॉ. अनिल और प्रमोद पांडेय ने इमरजेंसी वार्ड में मोर्चा संभाला और प्रभावित 40 लोगों का उपचार शुरू किया।

बीमार होने वालों में प्रमुख रूप से: सुमन (30), आदर्श (17), प्रेमा (65), शकीला (46), कुसुम लता (65), ज्ञानेंद्र (35), अजय जायसवाल (36), वर्षा (10), प्रदीप सिंह (32), कुदरत अली (48), मुराद (18), सोनू (50), अंकुश (15), सानवी (6), सचिन (15), साधना (29) और दुर्गेश (37) समेत अन्य लोग शामिल रहे।

चिकित्सकों का बयान

डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को फूड पॉइजनिंग की शिकायत थी, जिसके कारण उन्हें लगातार उल्टियां हो रही थीं। प्राथमिक उपचार और दवाएं देने के बाद सभी की हालत में सुधार आ गया है। किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। किसी को भी हायर सेंटर रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

Also Read: बंगाल में ‘अस्मिता’ की जंग और तमिलनाडु में ‘काली शर्ट’ का विरोध, 23 अप्रैल को होगा महामुकाबला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button