Squid Game Season 3: स्क्विड गेम के तीसरे और आखिरी सीजन का ट्रेलर हुआ रिलीज़, जानिए कब होगा स्ट्रीम

Lucknow Focus News Desk: नेटफ्लिक्स की सुपरहिट सीरीज़ ‘स्क्विड गेम’ एक बार फिर अपने तीसरे और आखिरी सीजन के साथ दर्शकों को रोमांच की नई दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है। फैंस के लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार इस चर्चित शो के फाइनल सीजन का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। साथ ही इसकी स्ट्रीमिंग डेट की भी घोषणा हो चुकी है।
इस बार और ज्यादा होगा थ्रिल और एक्शन
रविवार को नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘स्क्विड गेम सीजन 3’ का दमदार ट्रेलर जारी किया। इस ट्रेलर में एक बार फिर जानलेवा खेल की झलक देखने को मिली है। खास बात यह है कि इस बार मुकाबला और भी खतरनाक और भावनात्मक नजर आ रहा है।
सीजन 3 के ट्रेलर में दिखाया गया है कि खिलाड़ी सेओंग गि-हुन (खिलाड़ी नंबर 456) अब भी अपने दोस्त जंग बे की मौत से उबर नहीं पाया है। वो बार-बार गार्ड्स से सवाल करता है “तुमने मुझे मारा क्यों नहीं? जिंदा क्यों रखा?” इन सवालों के जवाब तलाशते हुए गि-हुन एक बार फिर उस दुनिया में लौट आता है, जहां जिंदगी और मौत के बीच सिर्फ एक कदम का फासला है।
कब और कहां देख सकेंगे नया सीजन?
‘स्क्विड गेम’ का तीसरा और अंतिम सीजन 27 जून 2025 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस बार की कहानी पहले से भी ज्यादा इमोशनल और सस्पेंस से भरी होगी, ऐसा ट्रेलर से साफ झलकता है।
कौन-कौन हैं इस बार कास्ट में?
इस सीजन में भी कई लोकप्रिय चेहरे नजर आएंगे। ली जंग-जे एक बार फिर गि-हुन के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ ली ब्यूंग-हुन, यिम सी-वान, कांग हा-नेउल, वाई हा-जून, पार्क ग्यू-यंग, पार्क सुंग-हून, यांग डोंग-ग्यून, कांग ए-सिम, जो यूरी, ली डेविड और रोह जे-वोन जैसे कई दमदार कलाकार शो में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस वेब सीरीज का लेखन, निर्देशन और निर्माण फिर से ह्वांग डोंग-ह्युक ने ही किया है, जो इसके पहले दोनों सीजन के भी मास्टरमाइंड रहे हैं। जैसे ही ट्रेलर रिलीज़ हुआ, सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूज़र ने लिखा, “अब और इंतजार नहीं हो रहा!” वहीं दूसरे ने कहा, “‘स्क्विड गेम’ अब तक की सबसे शानदार सीरीज है!” हर कोई इस फिनाले सीजन को लेकर काफी उत्साहित है।




