बिहार के नालंदा में भीड़ ने घेरी अभिनेत्री काजल राघवानी की गाड़ी, शीशे टूटे, बेसमेंट के रास्ते सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित निकाला

Lucknow Focus News Desk: बिहार के नालंदा जिला मुख्यालय बिहार शरीफ में एक शोरूम के उद्घाटन समारोह के दौरान भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की गाड़ी पर अनियंत्रित भीड़ ने हमला कर दिया। अभिनेत्री को देखने के लिए जुटी प्रशंसकों की अत्यधिक भीड़ के कारण स्थिति बेकाबू हो गई, जिससे उनकी फॉर्च्यूनर कार के शीशे टूट गए।
काजल राघवानी बिहार शरीफ में आयोजित एक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं, जहाँ वे लगभग डेढ़ घंटे तक मौजूद रहीं। अभिनेत्री के आगमन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उन्हें करीब से देखने की होड़ में भीड़ बेकाबू हो गई और गाड़ी पर ईंट व हाथों से वार कर उसका शीशा तोड़ दिया गया।
पटना से आए 12-13 बाउंसरों और स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभिनेत्री को सुरक्षा घेरा बनाकर अंडरग्राउंड बेसमेंट के रास्ते बाहर निकाला गया। शोरूम संचालक की सूझबूझ और बाउंसरों की मदद से काजल राघवानी को भीड़ का चकमा देकर पीछे के रास्ते से निकाला गया, जिसके बाद चालक तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गया।




