Kanpur News: महिला कल्याण विभाग की योजनाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Lucknow Focus News Desk: जनपद कानपुर नगर के विष्णुपुरी क्षेत्र में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के विषय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट शैल शुक्ला द्वारा उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वन स्टॉप सेंटर, एवं चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी योजनाओं के लाभ व कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि ज़रूरत पड़ने पर सहायता के लिए नागरिक निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था। शैल शुक्ला ने यह भी जोर दिया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को सही जानकारी और मार्गदर्शन की आवश्यकता है, जिसे ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पूरा किया जा सकता है।




