PM मोदी ने मणिपुर में जातीय हिंसा पीड़ितों से की मुलाकात, बोले- विकास के लिए शांति जरूरी

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने जातीय हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। साल 2023 में शुरू हुई इस हिंसा के दो साल बाद जब पीएम ने पीड़ितों का दर्द सुना तो वे भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार सुबह इंफाल पहुंचे और उनका पहला पड़ाव चुराचांदपुर था, जो कुकी समुदाय का इलाका है। भारी बारिश के बावजूद, पीएम मोदी ने सड़क मार्ग से वहाँ पहुँचने का फैसला किया।
चुराचांदपुर में उन्होंने हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को सुना। मुलाकात के दौरान उन्होंने छोटे बच्चों से भी बात की। बच्चों ने उन्हें गुलदस्ते और पेंटिंग भेंट कीं, वहीं एक बच्चे ने मोरपंख वाली टोपी भी उपहार में दी।
विकास के लिए शांति जरूरी
राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर में विकास के लिए शांति और सद्भाव बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली और कोलकाता में विस्थापित लोगों के लिए 7,000 से अधिक नए घर बनाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इस दौरे पर पीएम मोदी ने चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये और इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मणिपुर में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए रेल और सड़क परियोजनाओं का बजट बढ़ाया है। जल्द ही इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।