भारत-पाक सीजफायर पर सलमान खान का ट्वीट कुछ ही मिनटों में डिलीट, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

Lucknow Focus News Desk: भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया सीजफायर की घोषणा के बाद जहां देशभर में राहत की लहर थी, वहीं इस मुद्दे पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का एक ट्वीट चर्चा का विषय बन गया। सलमान ने इस सीजफायर को लेकर ट्वीट तो किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसे डिलीट कर दिया। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर यूजर्स की तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा।
दरअसल शनिवार देर शाम सलमान खान ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा था, ‘सीजफायर के लिए शुक्र है’। हालांकि, उनके इस ट्वीट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि सलमान ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी, लेकिन सीजफायर होते ही प्रतिक्रिया देने आ गए।
फैंस ने जताई नाराज़गी
ट्वीट डिलीट होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “ये सीजफायर उतनी ही देर चला, जितनी सलमान की फिल्म थिएटर में चलती है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “15 साल से सलमान खान का फैन हूं, लेकिन आज से नफरत करता हूं। जब देश संकट में था, तब उन्होंने कुछ नहीं कहा।”
सलमान खान हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री रश्मिका मंदाना थीं। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। सलमान अब अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, जिनमें सबसे चर्चित है ‘टाइगर वर्सेस पठान’, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
सलमान खान का ट्वीट और उसका अचानक डिलीट किया जाना, उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच नाराजगी का कारण बन गया है। मौजूदा माहौल में सेलेब्रिटीज की प्रतिक्रियाएं कैसे देखी जाती हैं, यह घटना उसका ताजा उदाहरण बन गई है।




