इन्फोटेनमेन्ट

वाराणसी की सुबह, महादेव का साथ: अनुपम खेर ने किए काशी विश्वनाथ और संकट मोचन के दर्शन

Lucknow Focus News Desk: अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अध्यात्म के सागर में गोते लगा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने अपनी दिनचर्या की शुरुआत बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भगवान के दर्शन के साथ की। अनुपम ने न केवल संकट मोचन हनुमान मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई, बल्कि इस दिव्य अनुभव को एक भावुक वीडियो के जरिए अपने फैंस के साथ भी साझा किया।

पूरी काशी का माहौल बहुत प्यारा है

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अनुपम खेर के चेहरे पर एक अलग ही शांति और सुकून नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सुबह-सुबह संकट मोचन मंदिर में बजरंग बली के चरणों में शीश नवाया और उसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर महादेव का आशीर्वाद लिया।

अनुपम ने कैप्शन में लिखा, हर हर महादेव! जय बजरंग बली। जय सिया राम। आज वाराणसी में महादेव और बजरंग बली के दर्शन किए। आत्मा से प्रार्थना की अपने लिए भी और आप सबके लिए भी। पूरी काशी का माहौल बहुत अच्छा है। जय हो!

वीडियो में अनुपम कहते नजर आए कि मंदिर में उन्होंने सिर्फ अपने सुख-शांति की बात नहीं की, बल्कि अपने चाहने वालों और देश की भलाई के लिए भी प्रार्थना की है। उनके इस पोस्ट पर फैंस लगातार ‘हर हर महादेव’ कमेंट कर रहे हैं और उनके इस सरल अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।

काम के मोर्चे पर व्यस्त हैं अनुपम

भक्ति के साथ-साथ अनुपम खेर अपने काम में भी काफी सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग पूरी की है, जो 2006 की सुपरहिट फिल्म का सीक्वल है। इसके अलावा, वह बतौर निर्देशक अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जिससे उन्हें काफी उम्मीदें हैं।

Related Articles

Back to top button