देश

आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा: प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च किया BSNL का स्वदेशी 4G नेटवर्क

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (27 सितंबर) ओडिशा में कई बड़ी परियोजनाओं के साथ बीएसएनएल (BSNL) के बहुप्रतीक्षित स्वदेशी 4G नेटवर्क को लॉन्च कर दिया है। यह लॉन्च भारत को उन शीर्ष 5 देशों में शामिल करता है जो खुद के दूरसंचार उपकरण बनाते हैं और यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

स्वदेशी तकनीक और 5G अपग्रेड

बीएसएनएल का यह 4G नेटवर्क पूरी तरह से स्वदेशी टेक्नोलॉजी का उपयोग करके तैयार किया गया है। इसे लगभग 98,000 साइट्स पर रोलआउट किया गया है, जिसका उद्देश्य देश के कोने-कोने तक तेज़ इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुँचाना है।

इस नेटवर्क को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि भविष्य में इसे 5G में आसानी से अपग्रेड किया जा सके। स्वदेशी 4G स्टैक का रोलआउट न केवल ग्लोबल स्तर पर भारत की तकनीकी क्षमता और कंपेटिशन ताकत को बढ़ाएगा, बल्कि एडवांस टेक्नोलॉजी के लिए एक मजबूत नींव भी रखेगा।

बीएसएनएल ने इस लॉन्च को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यह तेज़ इंटरनेट से कहीं बढ़कर है, यह नई आशा, नए अवसर और नया भारत है।”

5G की राह खुली

बीएसएनएल का 4G नेटवर्क लॉन्च होने के बाद अब जल्द ही आम जनता के लिए इसकी 5G सर्विस भी शुरू की जा सकती है। हालांकि, 5G रोलआउट की आधिकारिक तारीख की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है, लेकिन कंपनी ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही एडवांस टेक्नोलॉजी की ओर कदम बढ़ाएगी।

Related Articles

Back to top button