Lucknow: तवस्या महिला उद्यमी मंच का भव्य आयोजन, 50 स्टॉल और लाइव बैंड बने आकर्षण का केंद्र

Lucknow Focus News Desk: महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘तवस्या महिला उद्यमी मंच’ (TAVASYA – A Women Entrepreneurs Forum) द्वारा रविवार को गोमतीनगर स्थित ग्रैंड JBR होटल में एक भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। महिला उद्यमिता, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को समर्पित इस आयोजन में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद भरतनाट्यम की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समां बांध दिया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ व्यापार मंडल के प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पूर्वांचल जनशक्ति फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के सचिव वेदप्रकाश राय और अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय मौजूद रहे।
50 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
आयोजन में लगभग 50 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से महिला उद्यमियों ने अपने हस्तशिल्प, उत्पादों और व्यावसायिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित लाइव बैंड की धमाकेदार प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
तवस्या महिला उद्यमी मंच की अध्यक्ष डॉ. नित्या वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. सौम्या त्रिपाठी, महासचिव डॉ. निधि शुक्ला, सचिव सुरभि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ज्योति आनंद, कार्यकारिणी सदस्य आशा सिंह और मीडिया समन्वयक मानसी द्विवेदी सहित पूरी कोर कमेटी ने बताया कि मंच का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।




