उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ: कालीचरण पीजी कॉलेज में ‘बास्केटबॉल एकेडमी’ का भव्य आगाज, अब इंटरनेशनल लेवल की ट्रेनिंग लेंगे खिलाड़ी

प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय ने किया उद्घाटन: अत्याधुनिक कोर्ट और प्रोफेशनल कोचों से संवरेगी स्थानीय प्रतिभा, खिलाड़ियों के बीच हुआ रोमांचक मैच

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित कालीचरण पीजी कॉलेज में शुक्रवार को खेल जगत के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। कॉलेज परिसर में ‘कालीचरण बास्केटबॉल एकेडमी’ का औपचारिक शुभारंभ पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस एकेडमी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को न केवल एक बेहतर मंच प्रदान करना है, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और पेशेवर प्रशिक्षण देकर भविष्य के लिए तैयार करना भी है।

फीता काटकर और मैच खेलकर हुई शुरुआत

एकेडमी का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। शुभारंभ के दौरान फीता काटने के बाद खिलाड़ियों के बीच एक उद्घाटन मैच खेला गया, जिसने दर्शकों में भारी जोश भर दिया।

खेल से टीम भावना और अनुशासन: प्राचार्य

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय ने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा “बास्केटबॉल जैसे खेल न केवल शारीरिक स्फूर्ति बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में टीम भावना और अनुशासन का भी संचार करते हैं। यह एकेडमी स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी पहचान बनाने के लिए एक सशक्त माध्यम बनेगी।”

अनुभवी कोच और आधुनिक सुविधाएं

एकेडमी के संयोजक विक्रांत ने बताया कि यहाँ आधुनिक कोर्ट तैयार किया गया है, जहां अनुभवी कोचों की देखरेख में खिलाड़ियों के कौशल को निखारा जाएगा। इस अवसर पर ‘स्पोर्ट्स टेंपल’ के संस्थापक महर्षि दुबे सहित कई खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने कॉलेज की इस नई पहल की सराहना की।

Also Read: बाराबंकी: अब स्वावलंबी बनेंगे वृद्धआश्रम के बुजुर्ग, अटल वयो अभ्युदय योजना से संवर रही ‘दूसरी पारी’

Related Articles

Back to top button