लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: पति ने बैंक मैनेजर पत्नी और बहन को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, फिर खुद किया सुसाइड

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते मानस मिश्रा नामक व्यक्ति ने अपनी बैंक अफसर पत्नी और बीमार बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कार से बैंक पहुंचा था आरोपी
घटना के अनुसार, आरोपी मानस मिश्रा दोपहर में कार से आलमबाग स्थित ICICI बैंक पहुंचा। वहां उसने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (जो बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं) को फोन करके बाहर बुलाया। बैंक के बाहर दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद मानस ने अचानक पिस्टल निकालकर दिव्या को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग व बैंककर्मी मौके पर पहुंचे और दिव्या को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहन की हत्या के बाद खुद को भी मारा
पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बीमार बहन शीबा बाजपेई की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा और दो पिस्टल बरामद की हैं, साथ ही जांच के लिए मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए हैं।
व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा- ‘मुझे धोखा मिला’
सुसाइड करने से पहले आरोपी मानस ने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस पोस्ट किया था। जिसमें उसने लिखा— “मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया था। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है…”
आईजी लखनऊ अपर्णा कुमार के मुताबिक, दिव्या ने एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




