उत्तर प्रदेश

माघ मेला 2026: मकर संक्रांति पर संगम में उमड़ी आस्था की लहर, 80 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Lucknow Focus News Desk: संगम नगरी प्रयागराज में आज आस्था का वो समंदर नजर आया, जिसकी कल्पना केवल सनातन संस्कृति में ही की जा सकती है। मकर संक्रांति और षटतिला एकादशी के पावन संयोग पर आयोजित इस ‘शाही स्नान’ में करीब 80 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी के पवित्र जल में डुबकी लगाई। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर था, जो सांस्कृतिक गौरव और सनातन पुनर्जागरण का जीवंत उदाहरण पेश कर रहा था।

बाल राम और खिचड़ी मेले की धूम

इस बार मेले में आकर्षण का केंद्र 6 वर्षीय श्रीश बाहुबली महाराज रहे, जो भगवान राम के बाल रूप में श्रृंगवेरपुर धाम से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने संगम की रेती से पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजा-अर्चना की, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। वहीं, गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में भी ‘खिचड़ी मेले’ का भव्य आयोजन हुआ, जहां 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित की।

मेले की खुशियों के बीच दोपहर में उस समय हड़कंप मच गया जब सेक्टर चार स्थित ‘छोटे बड़े ब्रह्माश्रम’ के शिविर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दो टेंट जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

‘मेला सेवा ऐप’ से आसान होगी कल्पवासियों की राह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुविधा के लिए ‘मेला सेवा ऐप’ का विमोचन किया। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने बताया कि इस ऐप के जरिए श्रद्धालु केवल एक क्यूआर कोड स्कैन करके अपनी शिकायतें या सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। यह तकनीक मेले के प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाएगी।

Related Articles

Back to top button