उत्तर प्रदेश

विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, देशभर के नेताओं ने जताया गहरा शोक

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दर्दनाक हादसे ने राजनीतिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। दुर्घटना में अजित पवार सहित चार अन्य लोगों की भी जान चली गई। बताया जा रहा है कि निजी विमान एयरपोर्ट पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि बारामती में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

इस दुखद घटना पर बसपा सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक जताया। मायावती ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राज्य की राजनीति के वरिष्ठ नेता, एनसीपी के अजित पवार का विमान हादसे में निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत के परिवार और पार्टीजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। दुर्घटनाग्रस्त विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button