लखनऊ

लखनऊ के पारा में अवैध डेयरियों पर कार्रवाई के दौरान भारी उपद्रव, दरोगा और कर्मचारियों पर हमला, 24 पर FIR के बाद 200 भैंसें जब्त

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची नगर निगम (जोन-6) और पुलिस की संयुक्त टीम पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव और हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी (दरोगा) विनय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में छह टांके आए हैं। इसके अलावा नगर निगम के तीन कर्मचारी भी चोटिल हुए हैं और सरकारी वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए।

24 आरोपियों पर एफआईआर, 2 महिलाएं गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अबरार, इमरान, सालून, आफरीन और खुशबू सहित 12 नामजद और 12 अज्ञात (कुल 24 आरोपियों) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी महिला खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

3 थानों की फोर्स और पीएसी के साथ कार्रवाई

हमले के अगले दिन पुलिस और प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया। मंगलवार को तीन थानों की पुलिस और पीएसी (PAC) की एक कंपनी की सुरक्षा में नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने इलाके के 4 मोहल्लों से लगभग 200 भैंसें जब्त कर उठवा लीं।

मेयर का कड़ा रुख

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया। मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा, “सुरक्षा में तैनात पुलिस और सरकारी कर्मचारियों पर हमला बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और पूरे इलाके को अवैध डेयरियों से मुक्त कराया जाएगा।”

Related Articles

Back to top button