इन्फोटेनमेन्ट

800 करोड़ की ब्लॉकबस्टर देने वाले एक्टर ने पहले निभाया पाक ऑफिसर का किरदार, फिर अगली ही फिल्म में पाकिस्तान में घुसकर लिया बदला

Lucknow Focus News Desk: भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर हाल ही में हमला किया गया। यह जवाब भारत के पहलगाम हमले के प्रतिशोध स्वरूप दिया गया है। भारतीय सेना द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई पहले भी की जा चुकी है, जिसे बॉलीवुड ने फिल्मों के माध्यम से जीवंत रूप में पेश किया है।

बॉलीवुड में कई कलाकारों ने भारतीय सैनिकों की भूमिका निभाई है, जैसे सनी देओल, अजय देवगन और विकी कौशल। लेकिन एक अभिनेता ऐसा भी है, जिसने पहले एक फिल्म में पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर का किरदार निभाया और अगले ही साल भारतीय फौजी बनकर पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मार गिराया। यह अभिनेता कोई और नहीं बल्कि विकी कौशल हैं।

जब विकी कौशल बने पाकिस्तानी ऑफिसर

वर्ष 2018 में आई फिल्म राज़ी में विकी कौशल ने पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर इकबाल सईद का किरदार निभाया था। इस फिल्म में आलिया भट्ट ने एक भारतीय जासूस ‘सहमत’ की भूमिका निभाई थी, जो एक मिशन पर पाकिस्तान जाती हैं और इकबाल से विवाह करती हैं। फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित थी और इसे काफी सराहना मिली थी। यह फिल्म हरिंदर सिक्का की किताब Calling Sehmat पर आधारित थी।

पाकिस्तान को घर में घुसकर दिया जवाब

इसके ठीक एक साल बाद, 2019 में विकी कौशल एक ऐसे किरदार में नजर आए जिसने उन्हें देशभर में पहचान दिला दी। फिल्म थी उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, जो 2016 में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी। इस फिल्म में विकी कौशल ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का दमदार रोल निभाया था। इस मिशन के तहत उन्होंने आतंकियों के खिलाफ कड़ा जवाब देते हुए उन्हें उनकी जमीन पर ही मार गिराया। फिल्म का डायलॉग “हाउ इज द जोश?” आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस फिल्म के लिए विकी को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा गया।

800 करोड़ की कमाई और आगे की फिल्में

हाल ही में विकी कौशल की फिल्म छावा ने वैश्विक स्तर पर 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर धमाल मचा दिया। आने वाले समय में वो लव एंड वॉर और महावतार जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button