उत्तर प्रदेशलखनऊ

मायावती का केंद्र पर हमला, पीएम मोदी की ‘संयम’ वाली अपील पर साधा निशाना

Lucknow Focus News Desk: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने आगाह किया है कि देश के सामने केवल ऊर्जा संकट ही नहीं, बल्कि एक बड़ा आर्थिक संकट भी खड़ा होने वाला है, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा।

पीएम मोदी की अपील और मायावती का तर्क

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान-इस्राइल युद्ध के कारण बढ़ते तेल संकट और विदेशी मुद्रा भंडार की चिंताओं को देखते हुए देशवासियों से ‘सोने की खरीद टालने’ और ‘पेट्रोलियम पदार्थों का कम उपयोग’ करने की अपील की थी। इस पर मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखी।

मायावती ने कहा कि पीएम की यह अपील साबित करती है कि भारत के सामने संकट केवल पेट्रोल-डीजल या रसोई गैस तक सीमित नहीं है, बल्कि देश में आर्थिक संकट भी गहराएगा।

बसपा सुप्रीमो ने तर्क दिया कि देश की लगभग 100 करोड़ जनता कोरोना काल के बाद से ही रोजी-रोटी के संकट से जूझ रही है। उनके पास अब और ‘संयमित’ होने के लिए कुछ खास नहीं बचा है।

सरकार से मांग: “सहारा बनें केंद्र और राज्य सरकारें”

मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा “ऐसी स्थिति में जब करोड़ों देशवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है, सरकारों को चाहिए कि वे गरीब और मेहनतकश परिवारों को सीधी राहत देकर उनका सहारा बनें। यही जनहित और देशहित में सबसे उचित कदम होगा।” उन्होंने आशंका जताई कि युद्ध की अनिश्चितता के कारण यह संकट अभी और लंबा खिंच सकता है, जिससे महंगाई और बेरोजगारी की मार और अधिक बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button