ग्रामीण खेल लीग में खिलाड़ियों ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा


जिले के आठों ब्लॉकों की टीमों ने लिया भाग
लखनऊ फोकस रिपोर्टर
लखनऊ। बीते शुक्रवार और आज शनिवार को ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्रामीण मिनी स्टेडियम, मऊ मोहनलालगंज एवं आजाद खेल मैदान, कनकहा में किया गया। इसमें सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में पुरुष एवं महिला वर्ग की आठों विकासखण्डों की टीमों ने एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, जूडो एवं फुटबाल विधाओं में प्रतिभाग किया। 100 मीटर दौड़ में आदित्य यादव मोहनलालगंज ने प्रथम स्थान, 800 मीटर में सत्यम, डिस्कसथ्रो महिला में निहारिका प्रथम, कबड्डी सब-जूनियर बालिका वर्ग में सरोजनीनगर विजेता, पुरुष वर्ग कबड्डी में सरोजनीनगर का दबदबा रहा। वॉलीबाल सब-जूनियर में मोहनलालगंज विजेता रही। कुश्ती में गोसाईंगंज सभी पर भारी रहा। बैडमिंटन में बक्शी का तालाब सिंगल तथा डबल में विजेता रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन ओमप्रकाश शुक्ला बिंदेश्वरी ब्लॉक प्रमुख, मोहनलालगंज ने गुब्बारा उड़ाकर किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। पुरस्कार वितरण सत्यम पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहनलालगंज ने मेडल्स और प्रमाणपत्र वितरित करके किया। उन्होंने स्टेडियम में वाटर कूलर लगवाने का आश्वासन भी दिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि विजेता खिलाड़ी आगामी छह एवं सात फरवरी को चौक एवं केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होने वाली ज़ोन स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के प्रभारी अधिकारी आशीष मिश्रा ने बताया कि युवा कल्याण विभाग ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आगे चलकर ये होनहार बच्चे भी वैश्विक पटल पर पदक जीत कर देश का सम्मान बढ़ाएं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अजीत कुमार यादव के अलावा पूर्व-सैनिक कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग के निर्णायकों एवं विभागीय अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




