इन्फोटेनमेन्ट

परेश रावल ने छोड़ी ‘हेरा फेरी 3’, पहले भी छोड़ चुके हैं अक्षय कुमार की एक बड़ी फिल्म

Lucknow Focus News Desk: ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर दर्शकों में जितनी उत्सुकता थी, उतनी ही निराशा तब हुई जब अभिनेता परेश रावल ने इस फिल्म से खुद को अलग कर लिया। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की राजू, श्याम और बाबू भैया की तिकड़ी को देखने के लिए फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। लेकिन परेश रावल के हटने की खबर ने दर्शकों के साथ-साथ अक्षय और सुनील को भी निराश किया है।

यह पहली बार नहीं है जब परेश रावल ने अक्षय कुमार की फिल्म को छोड़ा हो। इससे पहले भी वह सुपरहिट फिल्म ‘ओएमजी 2’ से अलग हो चुके हैं, जो 2012 में आई फिल्म ‘ओएमजी – ओह माई गॉड’ का सीक्वल थी।

‘ओएमजी 2’ में निभाने वाले थे लीड रोल

‘ओएमजी 2’ में परेश रावल को पंकज त्रिपाठी वाला किरदार निभाना था। 2012 में रिलीज हुई पहली फिल्म में वह अक्षय कुमार के साथ प्रमुख भूमिका में थे और फिल्म की सफलता में उनका अहम योगदान माना जाता है। लेकिन इस बार, रिपोर्ट्स के मुताबिक, परेश रावल अपनी फीस को लेकर असंतुष्ट थे।

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि परेश रावल को लगा कि वह फिल्म के लिए जो मेहनताना डिज़र्व करते हैं, वह उन्हें नहीं मिल रहा था। दूसरी तरफ, मेकर्स को चिंता थी कि उनकी फीस बढ़ाने से फिल्म का बजट बिगड़ सकता है। अंततः, परेश रावल ने फिल्म से पीछे हटने का फैसला किया और उनकी जगह पंकज त्रिपाठी को कास्ट किया गया।

‘हेरा फेरी 3’ को लेकर सफाई दी

हाल ही में जब खबर आई कि परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ से भी अलग होने का फैसला कर लिया है, तो फैंस में निराशा की लहर दौड़ गई। इस पर खुद परेश रावल ने एक ट्वीट करते हुए स्पष्ट किया कि उनका यह फैसला रचनात्मक मतभेदों के कारण नहीं था।
उन्होंने लिखा, “मैं यह बात रिकॉर्ड में दर्ज करना चाहता हूं कि ‘हेरा फेरी 3’ से अलग होने का मेरा फैसला रचनात्मक मतभेदों के कारण नहीं था। मैं फिर से दोहराता हूं कि फिल्म निर्माता के साथ कोई रचनात्मक मतभेद नहीं है। मैं निर्देशक प्रियदर्शन के प्रति अपार प्रेम, सम्मान और आस्था रखता हूं।”

फैंस में नाराजगी, भविष्य को लेकर अनिश्चितता

‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइज़ी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज़ में से एक रही है। परेश रावल के बिना तीसरे भाग की कल्पना करना दर्शकों के लिए मुश्किल हो गया है। सोशल मीडिया पर कई फैंस ने निराशा जताई है और फिल्म के भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Back to top button