उत्तर प्रदेश

LPG संकट पर सीएम योगी की बड़ी अपील, अफवाहों से बचें, एजेंसियां घर-घर पहुंचाएंगी सिलेंडर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनता से संयम बरतने की अपील की है। गीडा (GIDA) में ₹20 करोड़ की लागत से बने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है, बस लोग अफवाहों के चलते ‘पैनिक बाइंग’ (जरूरत से ज्यादा खरीदारी) कर रहे हैं।

“जरूरत हो तभी लें पेट्रोल-डीजल”

मुख्यमंत्री ने गैस एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनों पर चिंता जताते हुए कहा लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। जैसे पहले एजेंसियां घर-घर सिलेंडर पहुंचाती थीं, वैसे ही अब भी पहुंचाएंगी। उपभोक्ता होम डिलीवरी की सुविधा अपनाएं। सीएम ने कहा कि जो सिलेंडर महीना भर चलता था, लोग उसे कुछ ही दिनों में दोबारा भरवाने पहुंच रहे हैं। अनावश्यक रूप से स्टॉक जमा न करें।

उन्होंने स्वीकार किया कि यदि ईरान-इजरायल युद्ध लंबा खिंचता है, तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा। इसके लिए हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा, न कि अफवाहों का शिकार होना होगा।

पूर्वी यूपी के युवाओं को ‘IT’ का पंख

आईटी सेक्टर में उत्तर प्रदेश की बढ़ती धमक का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा गोरखपुर में पहली बार युवाओं को ‘प्लग एंड प्ले’ मोड पर स्टार्टअप प्लेटफॉर्म मिला है, जहां बिजली और बुनियादी ढांचे की चिंता नहीं करनी होगी। 15 अप्रैल को पूर्वी यूपी के पहले ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का शुभारंभ होगा। इसके अलावा एमएमएमयूटी (MMMUT) में ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर काम शुरू किया गया है। विश्व बैंक के सहयोग से पूर्वी यूपी के 28 और बुंदेलखंड के 7 जिलों में एग्रीटेक (कृषि तकनीक) पर काम चल रहा है।

जापान के सहयोग से ग्रीन हाइड्रोजन

ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार जापान के साथ मिलकर ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर काम करने की योजना बना रही है। कानपुर में लेदर और ड्रोन टेक्नोलॉजी के सेंटर विकसित किए जा रहे हैं, जो प्रदेश के 20,000 से अधिक स्टार्टअप्स को मजबूती देंगे।

Also Read: LPG बुकिंग पर बड़ा अपडेट: केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव की खबरों को नकारा, पुरानी व्यवस्था ही रहेगी लागू

Related Articles

Back to top button