उत्तर प्रदेश

काशी के आसमान में गर्जे राफेल और सुखोई: वायुसेना का ऐतिहासिक एयर शो शुरू, तिरंगे के रंगों से सजा शिवनगरी का गगन

Lucknow Focus News Desk: शिव की नगरी काशी में बृहस्पतिवार की सुबह एक नया इतिहास रच गया, जब नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक गंगा के ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना ने अपने शौर्य और पराक्रम का भव्य प्रदर्शन किया। सैकड़ों विमानों के गर्जना के साथ शुरू हुए इस ऐतिहासिक एयर शो को देखने के लिए शहर के प्रमुख घाटों पर हजारों स्थानीय निवासियों, बच्चों और विदेशी पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

इस रोमांचित कर देने वाले शो में राफेल, सुखोई-30 MKI, मिराज-2000 और स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ ने अपनी गति, अचूक फॉर्मेशन और युद्धाभ्यास का प्रदर्शन किया। विमानों ने जब हवा में गोते लगाते हुए और एक-दूसरे को क्रॉस करते हुए आसमान में तिरंगे की आकृति बनाई, तो पूरा घाट ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा।

इस भव्य आयोजन में देश के 12 एयरबेस से लगभग 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 52 फाइटर जेट्स, 15 ट्रांसपोर्ट प्लेन, 32 हेलीकॉप्टर और एक विंटेज विमान शामिल हैं। शो का प्रमुख आकर्षण बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम का शानदार फॉर्मेशन रहा। इसके अलावा वायुसेना के गरुड़ स्पेशल फोर्स ने भी अपनी युद्धक क्षमताओं का हैरतअंगेज नजारा पेश किया।

एयर शो का यह पहला दिन था, जिसके बाद 24 और 25 अक्तूबर को भी यह प्रदर्शन जारी रहेगा। विशाल भीड़ और विदेशी सैलानियों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नमो घाट से लेकर दशाश्वमेध और अस्सी घाट तक जमीन से लेकर आसमान तक सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शहर में भारी वाहनों और बसों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button