ब्रिटिश व्हिस्की और ब्रांडेड कपड़े होंगे सस्ते, जानें कब से मिलेगी राहत

Lucknow Focus News Desk: शराब प्रेमियों और लग्जरी ब्रांड पसंद करने वालों के लिए बड़ी खबर! भारत और ब्रिटेन के बीच हाल ही में हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के चलते अब ब्रिटिश प्रोडक्ट्स जैसे व्हिस्की, महंगे कपड़े, दवाएं और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भारतीय बाजार में सस्ते मिल सकते हैं। हालांकि, इसका लाभ उपभोक्ताओं को कब से मिलेगा, इसे लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है।
एफटीए पर जल्द होंगे हस्ताक्षर
भारत के वाणिज्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार बीते 6 मई को फाइनल हुई इस डील पर जल्द ही साइन होने की उम्मीद है। फिलहाल यह समझौता कानूनी प्रक्रियाओं से गुजर रहा है, और माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया करीब तीन महीनों में पूरी हो जाएगी।
श्रम-गहन उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
इस एग्रीमेंट के तहत भारत से ब्रिटेन को होने वाले लेदर प्रोडक्ट्स, कपड़े और जूते जैसे श्रम-प्रधान उत्पादों के निर्यात पर शुल्क हटा दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, ब्रिटेन से आयातित व्हिस्की, कारें और लग्जरी आइटम अब भारतीय बाजार में कम कीमतों पर उपलब्ध हो सकेंगे।
तीन साल बाद फाइनल हुई डील
इस समझौते को अंतिम रूप देने में तीन साल लगे, और यह बातचीत जनवरी 2022 में शुरू हुई थी। डील के तहत ब्रिटेन के बाजार में 99% भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क हटा दिया गया है, जिससे भारतीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।
ब्रिटेन में काम करने के लिए भी मिलेगी राहत
इस समझौते के एक और महत्वपूर्ण पहलू के तहत भारतीय श्रमिकों को ब्रिटेन की प्वाइंट-बेस्ड इमिग्रेशन सिस्टम में कोई बदलाव किए बिना ही वर्क परमिट मिल सकेगा, जिससे स्किल्ड वर्कर्स को अंतरराष्ट्रीय मौके मिलने की उम्मीद है।
व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य
भारत और ब्रिटेन इस पहल के ज़रिए 2030 तक आपसी व्यापार को 120 अरब डॉलर तक पहुँचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। 2023-24 में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर 21.34 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 2022-23 में 20.36 अरब डॉलर था।




