लखनऊ की निमिषा सोनकर बनीं ‘मिसेज इंडिया 2025’, लोहिया संस्थान की APO ने सौंदर्य और समाज सेवा से किया नाम रोशन

Lucknow Focus News Desk: डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) की असिस्टेंट पब्लिक रिलेशन ऑफिसर (APRO) निमिषा सोनकर ने प्रतिष्ठित ‘मिसेज इंडिया 2025’ का खिताब जीतकर राजधानी का नाम रोशन किया है। यह सम्मान उन्हें दिल्ली में ‘ब्यूटी एंड बेस्ट मैगजीन’ की ओर से आयोजित बी एंड बी मिस्टर, मिस और मिसेज इंडिया 2025, सीजन 5 प्रतियोगिता में दिया गया।
सौंदर्य के साथ सेवा का संगम
निमिषा सोनकर न केवल अपनी सुंदरता, बल्कि अपनी संवेदनशीलता, विनम्रता और समाजसेवा के कार्यों के लिए भी जानी जाती हैं। वह अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहती हैं और उनकी मदद के लिए आगे आती हैं। समाज सेविका होने के साथ-साथ वह एक कवयित्री और कुशल संचालिका (एंकर) भी हैं। वह अपनी सरल शैली से कविताओं में जीवन के भावों को व्यक्त करती हैं और अपने ऊर्जावान संचालन से कार्यक्रमों को रोचक बना देती हैं।
इस उपलब्धि से निमिषा सोनकर ने यह सिद्ध किया है कि उनके पास केवल एक सुंदर चेहरा ही नहीं, बल्कि एक सुंदर दिल और मजबूत व्यक्तित्व भी है। उनके दो बेटे हैं, पनव (10 वर्ष) और अनव (6 वर्ष)।
कार्यक्रम की आयोजक मिसेज प्रीति गुप्ता ने निमिषा सोनकर की सराहना करते हुए कहा, “निमिषा सोनकर जैसी महिलाएं समाज में प्रेरणा की मिसाल हैं, जो सौंदर्य और सेवा दोनों का संगम हैं।”




