उत्तर प्रदेश

OPS, संविदा नियमितीकरण और 8वें वेतन आयोग को लेकर 12 दिसंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय कर्मचारी रैली, सुभाष लांबा का एलान

Lucknow Focus News Desk: अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की कि केंद्र व राज्य सरकारों की उपेक्षा के विरोध में 12 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल राष्ट्रीय कर्मचारी रैली आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ और मिनिस्ट्रीयल सर्विस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया कि केवल यूपी से ही 20 हजार से अधिक कर्मचारी और शिक्षक इस रैली में भाग लेंगे।

कर्मचारी संगठनों ने सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, NPS/UPS व PFRDA व्यवस्था को समाप्त करना, और सभी संविदा, ठेका तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों का नियमितीकरण शामिल है। इसके अलावा, 8वें वेतन आयोग में 20% अंतरिम राहत (न्यूनतम ₹5,000), 3.8 फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन ₹40,000, 18% बकाया DA/DR के भुगतान, खाली सरकारी पदों पर स्थायी भर्ती और चारों लेबर कोड वापस लेने की मांग की गई है। शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त करने और उनसे गैर-शैक्षणिक कार्य न कराने का मुद्दा भी उठाया गया है।

रैली की सफलता के लिए अक्टूबर और नवंबर महीने में देशभर में व्यापक जनसंपर्क, जिला स्तरीय सम्मेलन, गेट मीटिंग्स और पोस्टर-बैनर अभियान चलाया जाएगा। 15 अक्टूबर तक सभी दफ्तरों व स्कूलों में प्रचार सामग्री पहुंचाकर कर्मचारियों को दिल्ली पहुंचने के लिए लामबंद किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button