संभल: पुलिस पर FIR का आदेश देने वाले जज के तबादले से गुस्साए वकील, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन

Lucknow Focus News Desk: संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का ऐतिहासिक आदेश देने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर के तबादले ने वकीलों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
24 नवंबर 2024 को संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान जमकर बवाल हुआ था। इस मामले में सुनवाई करते हुए CJM विभांशु सुधीर ने तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी और कोतवाल अनुज कुमार तोमर सहित 22 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। अब अचानक उनका तबादला सुल्तानपुर कर दिया गया है।
दबाव में हुआ एक्शन बुधवार सुबह चंदौसी स्थित जिला न्यायालय परिसर में वकील एकजुट हुए और जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का कहना है कि जज साहब बहुत अच्छा काम कर रहे थे और निष्पक्ष थे। उनका आरोप है कि पुलिस के दबाव में आकर ही हाईकोर्ट ने उनका स्थानांतरण किया है।
आगे की रणनीति पूर्व बार अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि फिलहाल यह सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन है। चंदौसी बार एसोसिएशन की बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि इस आंदोलन को आगे कैसे बढ़ाया जाए। वकीलों ने साफ कर दिया है कि जब तक तबादला वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रह सकता है।




