उत्तर प्रदेश

‘अब सिर्फ सैफई नहीं, पूरे प्रदेश में आती है बिजली’, UP विधानसभा में भिड़े शिवपाल और ऊर्जा मंत्री

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सदन का माहौल उस वक्त गरमा गया जब ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के बीच सीधी बहस छिड़ गई। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर सियासी तीर छोड़े।

‘21 से 24 घंटे का दावा’

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘पीएम सूर्य घर योजना’ समेत कई क्षेत्रों में नंबर वन है। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा “सपा सरकार के दौर में बिजली सिर्फ सैफई तक सीमित थी, लेकिन आज योगी सरकार में उत्तर प्रदेश के हर गांव और शहर में 21 से 24 घंटे बिजली मिल रही है। सपा के लोगों को सच सुनने में तकलीफ होती है।”

इस पर पलटवार करते हुए शिवपाल यादव ने दावा किया कि असल विकास और बिजली-सड़क का काम तो सपा सरकार में ही शुरू हुआ था। उन्होंने मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को ‘लूटने’ के लिए लाया गया है।

किसानों और डीजल की कीमतों पर तकरार

सपा विधायक अनिल प्रधान ने सदन में किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास के नाम पर किसानों की जमीनें कौड़ियों के भाव ली जा रही हैं। उन्होंने खाद की किल्लत और अन्ना पशुओं से हो रहे नुकसान का भी जिक्र किया।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा यूपी में डीजल की कीमतें पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे 20 राज्यों से कम हैं क्योंकि यहाँ वैट (VAT) काफी कम है।

मंत्री ने कहा कि सड़कें हवा में नहीं बनतीं, उनके लिए जमीन ली जाती है और किसानों को बाजार भाव पर मुआवजा दिया जाता है। उन्होंने सपा को याद दिलाया कि उनकी सरकार में किसानों पर गोलियां तक चलवाई गई थीं।

विपक्ष का वॉकआउट और नाराजगी

विधान परिषद में भी माहौल गरमाया रहा, जहां कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन (वॉकआउट) किया। वहीं, कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बजट को दिशाहीन बताते हुए कहा कि इसने महिलाओं, युवाओं और किसानों तीनों को ही निराश किया है।

विधानसभा की कार्यवाही फिलहाल भोजनावकाश के बाद दोबारा शुरू होगी, जिसमें विपक्ष द्वारा और भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है।

Related Articles

Back to top button