उत्तर प्रदेश

छात्रों को मिला विधानसभा जाने का मौका, मंत्री संदीप सिंह ने दिए उनके हर सवाल का जवाब

Lucknow Focus News Desk: मथुरा के वृंदावन से आए छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार का दिन बेहद यादगार रहा। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के ये छात्र जब विधानसभा पहुंचे, तो बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने उनके सवालों का खुलकर जवाब दिया। छात्रों की आंखों में भविष्य को लेकर उत्सुकता थी और मंत्री के जवाबों में हर सवाल का स्पष्ट समाधान।

बच्चों के सवालों पर मंत्री के जवाब

छात्रों ने कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे, जिनका मंत्री संदीप सिंह ने बड़ी ही सहजता से जवाब दिया।

पाठ्यक्रम पर: मंत्री ने बताया कि अब परिषदीय स्कूलों में भी NCERT का पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम तैयार करने का काम भारत सरकार का शिक्षा मंत्रालय देखता है, जिसमें विशेषज्ञ काम करते हैं।

जर्जर स्कूल और मर्जर पर: उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि कोई भी स्कूल बंद नहीं किया गया है। पुराने और जर्जर भवनों को तोड़कर नए स्कूल बनाए जा रहे हैं।

स्थानीय इतिहास पर: एक छात्र ने पाठ्यक्रम में जिले के इतिहास को शामिल करने की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार जिलावार इतिहास और महान व्यक्तित्वों पर आधारित एक किताब तैयार करवा रही है, जिसे जल्द ही कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को पढ़ाया जाएगा।

आरक्षण और नई शिक्षा नीति पर: संदीप सिंह ने साफ किया कि आरक्षण राष्ट्रीय स्तर की नीति है, जिसमें कोई बदलाव नहीं हो सकता। नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा एक में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 6 वर्ष तय की गई है। इससे पहले उन्हें प्री-प्राइमरी में तैयार किया जाएगा।

प्रश्न-पत्रों पर: यूपी बोर्ड के प्रश्न-पत्रों के कठिन होने पर उन्होंने कहा कि पेपर बनाने का काम एक समिति करती है और इसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता है।

मंत्री संदीप सिंह ने छात्रों की जिज्ञासा को शांत करते हुए कहा कि सरकार उनके सवालों और सपनों पर गंभीरता से काम कर रही है। उनके सौम्य व्यवहार से छात्र बहुत प्रभावित हुए।

Related Articles

Back to top button