उत्तर प्रदेश

अब छूटे हुए लोगों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया की दवा: 5 सितंबर तक चलेगा ‘मॉप-अप राउंड’

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को तेज़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ‘मॉप-अप राउंड’ शुरू करने का फैसला किया है। 10 से 28 अगस्त तक चले अभियान में औसतन 80% लोगों को दवा खिलाई गई, लेकिन अब बाकी बचे लोगों तक पहुँचने के लिए यह विशेष अभियान 5 सितंबर तक चलाया जाएगा।

बाढ़ और बारिश के कारण प्रभावित हुआ अभियान

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि इस बार भारी बारिश और बाढ़ के कारण कुछ जिलों में अभियान प्रभावित हुआ था, जिससे कई टीमें समय पर लोगों तक नहीं पहुँच पाईं। इस स्थिति को देखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी व्यक्ति फाइलेरिया की दवा खाने से छूट न जाए।

डॉ. चौधरी ने सभी 27 जिलों के जिला मलेरिया अधिकारियों (DMO) के साथ हुई समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि मॉप-अप राउंड के दौरान उन घरों, स्कूलों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर ख़ास ध्यान दिया जाए जहाँ टीमें पहले नहीं पहुँच पाई थीं।

दवा से इनकार करने वालों को समझाने की अपील

डॉ. चौधरी ने कहा कि जो परिवार दवा खाने से इनकार करते हैं, उन्हें समझाने के लिए ग्राम प्रधान और कोटेदारों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया का उन्मूलन तभी संभव है जब हर व्यक्ति को दवा खिलाई जाए, क्योंकि यह एक सामूहिक प्रयास है। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।

Related Articles

Back to top button