साक्षरता दिवस पर बाराबंकी में संगोष्ठी: ‘शिक्षा ही समाज को सशक्त बनाती है’

Lucknow Focus News Desk: अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर बाराबंकी की शांतिपुरम सेवा समिति ने एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में हुई इस गोष्ठी में वक्ताओं ने साक्षरता के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश चंद्र बैसवार ने की और डॉ. नन्हे सिंह ने इसका संचालन किया। समिति के संयोजक डॉ. वीरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आज का युग शैक्षिक युग है, जहाँ हर व्यक्ति का साक्षर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि साक्षरता ही समाज की पहचान बनाती है।
गोष्ठी में रामचंद्र वर्मा ने किसी भी काम में दृढ़ संकल्प के महत्व पर बात की, जबकि रज्जन लाल श्रीवास्तव ने ‘जीभ रस’ की कहानी सुनाई। कवि राधेस दीक्षित ने अपनी कविताएं सुनाईं और डॉ. दिनेश सिंह ने लोगों से नीम और तुलसी जैसे औषधीय पौधे लगाकर प्रदूषण कम करने की अपील की।
हास्य कवि अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ ने साक्षरता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि साक्षरता हमारे समाज को स्वतंत्र और सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि इसी से समाज विकास की ओर आगे बढ़ सकता है।
जेल अधीक्षक शत्रुघ्न लाल वर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य समाज को 100% साक्षर बनाना होना चाहिए। अध्यक्ष सुरेश चंद्र बैसवार ने कहा कि साक्षरता हमारी इच्छाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाती है।
आयोजक उदय शंकर वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में नींबू लाल गुप्ता और योगेंद्र वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।




