यूपी में भीषण शीतलहर का ‘ऑरेंज अलर्ट’: बाराबंकी सबसे ठंडा, CM योगी ने दिया ये आदेश

Lucknow Focus News Desk: कड़ाके की ठंड और पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने पूरे उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने का अनुमान जताया है। शनिवार की सुबह घने कोहरे और गलन के साथ हुई, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।
बाराबंकी और हरदोई में सबसे ज्यादा गलन
शुक्रवार की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही, जहां बाराबंकी और हरदोई का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बरेली में अधिकतम तापमान मात्र 13.3 डिग्री रहा, जिससे वहां ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात रहे। कानपुर, आगरा और गोरखपुर जैसे शहरों में सुबह विजिबिलिटी (दृश्यता) शून्य होने से यातायात की रफ्तार थम गई।
34 जिलों में कोहरे का अलर्ट, लखनऊ समेत 8 में ‘शीत दिवस’
मौसम विभाग ने तराई, पूर्वी और दक्षिणी यूपी के 34 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव और बाराबंकी में ‘शीत दिवस’ (Cold Day) रहने की आशंका जताई गई है। 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द पछुआ हवाओं के कारण दिन में भी धूप बेअसर साबित हो रही है।
स्कूलों के लिए मुख्यमंत्री का बड़ा आदेश
भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सभी बोर्डों (UP Board, CBSE, ICSE) के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल अब 5 जनवरी तक बंद रहेंगे। माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा निदेशकों ने इस संबंध में सभी जिलों को कड़ाई से पालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।




