मुंबई एयरपोर्ट पर 10 रुपये में चाय! आप सांसद राघव चड्ढा ने ‘उड़ान यात्री कैफे’ का लुत्फ उठा कर दिया सबूत

Lucknow Focus News Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। महंगे हवाई अड्डों के दौर में, उन्होंने सिर्फ ₹10 में चाय का आनंद लिया और इसका वीडियो अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर साबित कर दिया कि हवाई अड्डों पर भी आम आदमी की जेब के अनुकूल सुविधाएं मुमकिन हैं।
Visited the Udaan Yatri café at Mumbai Airport and had chai for just ₹10.
Was flying to Delhi and wanted chai before the flight. Spoke to several travellers while I was there. All of them happy, all of them saying the same thing: Easy on the pocket, good service, value for… pic.twitter.com/wOelXZ2iZS
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) March 30, 2026
₹10 की चाय और ‘पैसे वसूल’ सर्विस: राघव चड्ढा का अनुभव
राघव चड्ढा ने अपने वीडियो में मुंबई एयरपोर्ट पर स्थित ‘उड़ान यात्री कैफे’ (Udaan Yatri Cafe) में चाय पीते हुए और चाय का बिल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा “मैंने मुंबई एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ में चाय पी, वो भी सिर्फ ₹10 रुपये में।”
वीडियो में राघव ने अपने अनुभव को और विस्तार से साझा करते हुए कहा, “मैं दिल्ली जा रहा था और फ्लाइट से पहले चाय पीना चाहता था। मैंने वहां कई यात्रियों से बात की। सभी खुश थे और सब एक ही बात कह रहे थे: जेब पर भारी नहीं, बढ़िया सर्विस, पैसे वसूल। किफायती एयरपोर्ट खाना मुमकिन है और ये रहा सबूत।”
संसद में उठाई थी आवाज, अब खुद किया अनुभव
राघव चड्ढा अक्सर संसद (राज्यसभा) में आम आदमी की रोजमर्रा की समस्याओं, जैसे उपभोक्ता अधिकार, मध्यम वर्ग पर बोझ, डिजिटल मुद्दे, स्वास्थ्य और आर्थिक सुझावों पर फोकस करते रहे हैं। वे पहले भी एयरपोर्ट्स पर महंगे खाने-पीने की चीजों की शिकायत कर चुके हैं और वहां किफायती कैंटीन/कैफे खोलने की मांग उठा चुके हैं। ऐसे में, उनका ₹10 की चाय पीना उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों की प्रासंगिकता को दर्शाता है।
क्या है ‘उड़ान यात्री कैफे’?
‘उड़ान यात्री कैफे’ केंद्र सरकार की एक विशेष पहल है, जिसे नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने मिलकर शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डों पर यात्रियों को किफायती दरों पर साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण खाना-पीना उपलब्ध कराना है।
इस पहल से पहले, भारत के एयरपोर्ट्स पर खाने-पीने की चीजें बहुत महंगी मिलती थीं—पानी की बोतल ₹100 तक और समोसा जैसे स्नैक्स ₹150 से ₹200 तक। इससे मिडिल क्लास के यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। ‘उड़ान यात्री कैफे’ ने उन्हें एक किफायती विकल्प देकर बड़ी राहत दी है।
इस पहल का पहला कैफे दिसंबर 2024 में कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुरू हुआ था। सरकार का लक्ष्य है कि 2026 तक देश के अधिकांश प्रमुख एयरपोर्ट्स (AAI वाले) पर यह सुविधा उपलब्ध हो जाए।
राघव चड्ढा का यह अनुभव न केवल एक सांसद की आम आदमी के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि सरकार की ‘उड़ान यात्री कैफे’ जैसी पहलों की सफलता और उनकी जरूरत को भी रेखांकित करता है।
Also Read: बंगाल चुनाव से पहले भारी उलटफेर, चुनाव आयोग ने किया 267 अधिकारियों का तबादला
