उत्तर प्रदेश

भीषण गर्मी और निजीकरण विवाद के बीच बिजली सेवा को लेकर हलचल तेज, अभियंताओं में आक्रोश

Lucknow Focus News Desk: प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ-साथ बिजली वितरण व्यवस्था को लेकर निजीकरण की योजना ने भी नई गरमाहट पैदा कर दी है। एक ओर अभियंताओं में निजीकरण को लेकर भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली वितरण प्रबंधन का दावा है कि उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) ने इस संबंध में तैयारियों का खाका पेश किया है, जिसमें हर शहरी बिजली उपकेंद्र पर करीब 18 आउटसोर्स कर्मी और ग्रामीण उपकेंद्रों पर 12 आउटसोर्स कर्मियों को तैनात करने की बात कही गई है।

27 मई से आउटसोर्स कर्मी तैनात किए जाएंगे

निगम के अनुसार, रिवैंप डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS), एनसीसी कार्यदायी संस्था, मीटर रीडर एजेंसी, ट्रांसफार्मर वर्कशॉप और अन्य तकनीकी एजेंसियों के प्रशिक्षित कर्मियों की सूची तैयार कर ली गई है। इन कर्मियों को 27 मई से उपकेंद्रों पर भेजा जाएगा।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जिले में मुख्य अभियंताओं के कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से संपूर्ण मॉनिटरिंग की जा रही है।

27 और 28 मई को शटडाउन एवं उपकेंद्र संचालन से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक आउटसोर्स कर्मी के साथ एक अनुभवी कर्मी को तैनात करने का दावा भी किया गया है, ताकि कार्य में गुणवत्ता बनी रहे।

उपभोक्ता शिकायतों के लिए फील्ड गैंग सक्रिय

ग्राउंड पर फील्ड गैंग भी मुस्तैद रहेंगे ताकि उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। हालांकि, कार्य बहिष्कार की स्थिति में बिल संशोधन, नए कनेक्शन, और मीटर लगाने जैसे कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

बिजली अभियंताओं ने निजीकरण के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। शाम 5 बजे के बाद अभियंता कार्यालय और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग नहीं ले रहे हैं। हालांकि, कुछ अधिशासी अभियंता प्रबंधन के दबाव के कारण वीडियो मीटिंग में शामिल हो रहे हैं।

अभियंताओं का कहना है कि वे कार्य अवधि के दौरान पूरी निष्ठा से बिजली आपूर्ति बनाए रखेंगे। निर्धारित मरम्मत अवधि में ही सुधार कार्य होंगे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

हेल्पलाइन 1912 पर विशेष फोकस

प्रबंधन ने हेल्पलाइन नंबर 1912 पर बैठे कर्मियों को काउंसलिंग दी है कि वे उपभोक्ता के कॉल तुरंत रिसीव करें और संबंधित तकनीकी टीम तक जानकारी शीघ्र पहुंचाएं। इसके लिए एक मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है।

कंट्रोल रूम के नंबर जारी

जोन   संपर्क नंबर

  • लखनऊ लेसा सिस गोमती जोन      8004944663, 9450099905
  • लखनऊ लेसा ट्रांस गोमती जोन      9682273163, 9044527832
  • बरेली जोन    8004912103
  • सीतापुर जोन  6393972047
  • रायबरेली जोन 9161919190, 9415901891
  • अयोध्या जोन  7518133232, 9415902000

ये सभी नंबर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उपभोक्ता तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

Related Articles

Back to top button