काशी पहुंचे पीएम मोदी, अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का किया उद्घाटन, नमो घाट पर देखेंगे ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। काशी में उनका यह दौरा औद्योगिक विकास, महिला रोजगार और भारतीय वायुसेना के शौर्य को समर्पित दो प्रमुख कार्यक्रमों का साक्षी बनने जा रहा है। पीएम मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी ‘अरविंद लिमिटेड’ की नई टेक्सटाइल इकाई का लोकार्पण किया। इसके बाद वे नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का अवलोकन करेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद हैं।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:10 बजे वायुसेना के विशेष विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद पहुंचे। पुलिस लाइन से नमो घाट तक सड़क मार्ग पर 13 स्वागत स्थल बनाए गए हैं, जहां ढोल-नगाड़ों, डमरू दल, शंखनाद और पुष्पवर्षा के साथ काशीवासियों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
काशी के आसमान में दिखेगी वायुसेना की गर्जना
औद्योगिक इकाई के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे, जहां वे 22 से 25 अक्टूबर तक चलने वाले एयरोबेटिक शो के अंतिम और मुख्य प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे। गंगा नदी और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में वायुसेना के लड़ाकू विमान अपने हैरतअंगेज करतबों से देश की सामरिक और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
महिला रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
योगी सरकार की ‘इन्वेस्ट यूपी’ पहल के तहत 7 एकड़ क्षेत्र में स्थापित ‘अरविंद टेक्सटाइल्स’ की इस इकाई में गारमेंट्स, टी-शर्ट और अन्य परिधान तैयार किए जाएंगे। इस प्लांट का मुख्य उद्देश्य उत्पादन के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।




