पहलगाम आतंकी हमला: लखनऊ में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, आतंकवाद के खिलाफ सड़कों पर फूटा आक्रोश

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशभर में रोष की लहर दौड़ गई है। अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों के साथ अब अधिवक्ता समुदाय भी इस बर्बर हमले के खिलाफ खुलकर सामने आ गया है। इसी क्रम में लखनऊ में सेना कोर्ट के अधिवक्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए हमले के पीड़ितों के लिए शोकसभा आयोजित की।
अधिवक्ताओं ने आतंकवाद का पुतला फूंक जताया विरोध
लखनऊ स्थित आर्म्ड फोर्सेस ट्रिब्यूनल में अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। विवेकानंद लाइब्रेरी में आयोजित इस कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के महामंत्री गिरीश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. चेत नारायण सिंह, पूर्व महामंत्री विजय कुमार पांडे, वीर राघव चौबे समेत कई अधिवक्ता शामिल हुए।
सभा के दौरान अधिवक्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी आतंकवाद का पुतला फूंका और केंद्र सरकार से आतंकियों और उनके संगठनों को करारा जवाब देने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि इस कायराना हमले का मुंहतोड़ जवाब अब समय की आवश्यकता है। सरकार को चाहिए कि वह आतंकवाद के खात्मे के लिए निर्णायक कदम उठाए। साथ ही उन्होंने इस हमले में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की गहन समीक्षा और जांच की भी मांग की। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जिन निर्दोष लोगों ने इस हमले में अपनी जान गंवाई है, उनके परिजनों के लिए न्याय और देश की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है कि ऐसे हमलों की जड़ तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाए।




